सोलन : एमएमयू अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेतन को लेकर हड़ताल पर, दो माह से भुगतान न होने का आरोप

एमएमयू अस्पताल में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की हड़ताल लगातार जारी है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार की ओर से उन्हें पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी को लेकर कर्मचारी अस्पताल परिसर में हड़ताल पर बैठे हैं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि वेतन जारी करने के बजाय उन पर नौकरी से इस्तीफा देने का दबाव बनाया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन समय पर वेतन न मिलने के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका कहना है कि जब तक उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन का भी समर्थन मिल रहा है। ट्रेड यूनियन के प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए प्रबंधन और ठेकेदार से जल्द वेतन जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से काम लेने के बाद उनका वेतन रोकना उचित नहीं है।
कर्मचारियों ने मांग की कि पिछले दो महीनों का लंबित वेतन तत्काल जारी किया जाए और उन्हें नौकरी छोड़ने के लिए दबाव न बनाया जाए। साथ ही भविष्य में वेतन का भुगतान समय पर सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जाए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

One thought on “सोलन : एमएमयू अस्पताल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी वेतन को लेकर हड़ताल पर, दो माह से भुगतान न होने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *