सोलन मंडी में सेब की आवक कम, बागवानों को मिल रहे बेहतर दाम

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के चूना ब्लॉक निवासी बागवान पंकज शर्मा ने सोलन सब्जी एवं फल मंडी में सेब के दाम और विपणन व्यवस्था को लेकर अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने कहा कि अन्य मंडियों की तुलना में सोलन मंडी में बागवानों को सेब के बेहतर दाम मिल रहे हैं, जिसके चलते वे यहां अपना उत्पाद बेचकर संतुष्ट हैं।
पंकज शर्मा ने बताया कि इस बार वह रॉयल किस्म का सेब लेकर सोलन मंडी पहुंचे हैं। सेब पर हल्के दाग यानी छींटा होने के बावजूद उन्हें 1700 से 1800 रुपये प्रति क्रेट तक का भाव मिला। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले तक अच्छी गुणवत्ता वाले रॉयल सेब के दाम 2500 से 3000 रुपये प्रति क्रेट तक पहुंच रहे थे, लेकिन वर्तमान में बाजार में मंदी का असर दिखाई दे रहा है। वहीं, रेड गोल्डन सेब भी मंडी में करीब 1500 रुपये प्रति क्रेट तक बिक रहा है।
बागवान के अनुसार इस वर्ष सोलन मंडी में सेब की कुल आवक कम है। सीजन की शुरुआत में किसानों और बागवानों को फसल के अच्छे दाम मिले थे, लेकिन अब बाजार में कीमतों में कुछ गिरावट देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस बार मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सेब की फसल पर दाग लगने की समस्या भी अधिक रही है। इसका असर फसल की गुणवत्ता पर पड़ रहा है।
पंकज शर्मा ने बताया कि वह इससे पहले ढली और प्राला मंडियों में भी रेड गोल्डन और गाला सहित विभिन्न किस्मों का सेब बेच चुके हैं। हालांकि, सोलन मंडी में उन्हें अन्य मंडियों की तुलना में बेहतर दाम प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि रॉयल सेब लेकर सोलन मंडी आने का उनका यह पहला अनुभव है और यहां मिले भाव से वह संतुष्ट हैं। उनका कहना है कि यदि मंडी में इसी तरह उचित दाम मिलते रहे तो बागवानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा होगी।

One thought on “सोलन मंडी में सेब की आवक कम, बागवानों को मिल रहे बेहतर दाम”

Comments are closed.