सोलन में चुनावी वादों को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, महिला मोर्चा ने पूछा- कहां हैं 1500 रुपये?

कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों को लेकर भाजपा सोलन शहरी मंडल ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने तथा पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने के वादे को लेकर सरकार पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया।
महिला मोर्चा शहरी मंडल की उपाध्यक्ष सविता भल्ला ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर माह 1500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन सरकार के कार्यकाल के कई वर्ष बीतने के बावजूद अधिकांश महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि यह राशि कई महिलाओं के लिए परिवार का खर्च चलाने में मददगार साबित हो सकती थी। उन्होंने सरकार से वादा पूरा करने और महिलाओं को उनका हक देने की मांग की।
भाजपा सोलन शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चार वर्ष पहले सोलन में महिलाओं को 1500 रुपये देने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने इसे कांग्रेस की वादाखिलाफी करार देते हुए सरकार से जवाब मांगा।
शैलेंद्र ने प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है और कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने हाल में शहर में हुई आपराधिक घटना का जिक्र करते हुए सरकार से कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान के बजाय राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को घोषणाओं और प्रतीकात्मक राजनीति के बजाय रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित माहौल और विकास चाहिए। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी वादे जल्द पूरा करने की मांग की। BITE – सविता भल्ला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा शहरी मंडल , शैलेंद्र अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *