सोलन नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बरसे सिटी कांग्रेस अध्यक्ष, महापौर से जनसमस्याओं के समाधान की मांग

Solan City Congress president discussing public issues

नगर निगम सोलन में जनसमस्याओं और राजनीतिक बयानबाजी को लेकर सिटी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने महापौर पर तीखा हमला बोला है।

संबंधित खबर: सोलन नगर निगम और चम्बाघाट से जुड़ी खबर

उन्होंने शहर में पेयजल संकट समेत बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति के लिए नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
पुनीत शर्मा ने आरोप लगाया कि महापौर ने जलशक्ति विभाग के दौरे के बाद पेयजल जैसे संवेदनशील मुद्दे पर गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया। उन्होंने दावा किया कि महापौर ने जनता से कहा कि यदि पानी चाहिए तो आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट दें। शर्मा ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की ओर से इस तरह की राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि जलशक्ति विभाग की ओर से प्रतिदिन नगर निगम को करीब 75 से 80 लाख लीटर पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके बावजूद शहर में कई लोगों को आठ-आठ दिन तक पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान पानी की समस्या हो सकती है, लेकिन नगर निगम को इसका बेहतर प्रबंधन करना चाहिए। निर्माण कार्यों को नियंत्रित करने और होटलों समेत अन्य स्थानों पर टैंकरों की व्यवस्था को लेकर भी निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
नगर निगम के वित्तीय प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए शर्मा ने कहा कि निगम का गठन हुए तीन महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक बजट पेश नहीं किया गया। बजट के अभाव में पार्षद अपने वार्डों में छोटे-छोटे विकास कार्य तक नहीं करवा पा रहे हैं।
उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था और स्ट्रीट लाइटों की स्थिति पर भी चिंता जताई। शर्मा ने आरोप लगाया कि कई नालियां चोक हैं और कूड़ा उठाने की व्यवस्था प्रभावित है। खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत भी समय पर नहीं हो रही है, जिससे बरसात के दौरान लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
दस वर्षों तक पार्षद रह चुके पुनीत शर्मा ने महापौर से राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान पर ध्यान देने की अपील की।

One thought on “सोलन नगर निगम की कार्यप्रणाली पर बरसे सिटी कांग्रेस अध्यक्ष, महापौर से जनसमस्याओं के समाधान की मांग”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *