सोलन में रेहड़ी-फड़ी संचालकों के पुनर्व्यवस्थापन की कवायद, महापौर ने किया चम्बाघाट क्षेत्र का निरीक्षण

Street vendors at Chambaghat in Solan

चम्बाघाट क्षेत्र से रेहड़ी-फड़ी संचालकों को हटाए जाने के बाद उनके पुनर्व्यवस्थापन और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर नगर निगम सोलन ने कवायद शुरू कर दी है।

संबंधित खबर: सोलन में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई

इसी कड़ी में नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड नंबर चार के पार्षद रोहित भारद्वाज भी मौजूद रहे। उन्होंने क्षेत्र के स्थानीय लोगों की समस्याओं के साथ-साथ रेहड़ी-फड़ी संचालकों से जुड़ी परिस्थितियों से महापौर को अवगत करवाया। उन्होंने सभी पक्षों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उचित एवं स्थायी समाधान तलाशने की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर ने मौके पर उपलब्ध स्थिति का जायजा लिया और नगर निगम की उपलब्ध भूमि पर रेहड़ी-फड़ी संचालकों को व्यवस्थित रूप से बैठाने की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को भी व्यवस्थित स्थान उपलब्ध करवाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में अवैध पार्किंग की समस्या भी सामने आई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इस दौरान नगर निगम के उपमहापौर गौरव सहित संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति और उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी महापौर को दी।
पार्षद रोहित भारद्वाज ने कहा कि वार्डवासियों की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों, रेहड़ी-फड़ी संचालकों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर सभी के हित में उचित समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

2 thoughts on “सोलन में रेहड़ी-फड़ी संचालकों के पुनर्व्यवस्थापन की कवायद, महापौर ने किया चम्बाघाट क्षेत्र का निरीक्षण”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *