सोलन में 7-8 दिन बाद मिल रहा पानी, नगर निगम की वितरण व्यवस्था पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

सोलन। शहर में जारी पेयजल संकट को लेकर शहरी कांग्रेस सोलन के अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जल शक्ति विभाग की ओर से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद नगर निगम शहरवासियों तक नियमित जलापूर्ति करने में विफल साबित हो रहा है। इसके चलते लोगों को सात से आठ दिनों के अंतराल पर पानी मिल रहा है।
पुनीत शर्मा ने बताया कि 27 अक्टूबर से अब तक जल शक्ति विभाग नगर निगम को प्रतिदिन 85 से 90 लाख लीटर पानी उपलब्ध करवा रहा है। उनके अनुसार, यह मात्रा शहर की जरूरतों के लिए पर्याप्त है। इसके बावजूद कई क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के आंकड़ों से स्पष्ट है कि पानी की उपलब्धता के बजाय वितरण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि स्थानीय मंत्री ने मामले का संज्ञान लेते हुए विभाग से पिछले 15 दिनों की जलापूर्ति का रिकॉर्ड मांगा था। विभाग की ओर से उपलब्ध करवाए गए आंकड़ों के आधार पर उन्होंने नगर निगम से पानी के वितरण नेटवर्क और कनेक्शन व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की।
पुनीत शर्मा ने कहा कि नगर निगम चुनाव के दौरान लोगों को प्रतिदिन पानी उपलब्ध करवाने का वादा किया गया था, लेकिन वर्तमान में सात से आठ दिन बाद भी पानी मिल रहा है। उन्होंने कर्नल संजय शांडिल पर लगाए जा रहे आरोपों को भी निराधार बताया और कहा कि वह जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने जल्द जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो सिटी कांग्रेस निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेगी। BITE – पुनीत शर्मा अध्यक्ष शहरी कांग्रेस सोलन.3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *