सोलन। एकल नारी शक्ति संगठन ने सोलन ब्लॉक में अपनी गतिविधियों का विस्तार करते हुए नया कार्यक्षेत्र शुरू किया है। इसके तहत आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में करीब 15 से 20 पंचायतों की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की स्टेट कोऑर्डिनेटर एवं ऑल इंडिया नेशनल फोरम की अध्यक्ष निर्मला चंदेल ने महिलाओं को संगठन के उद्देश्यों, गतिविधियों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
निर्मला चंदेल ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नहीं मिल पाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए संगठन की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि जरूरतमंद महिलाएं योजनाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम में महिलाओं का मौली और सिंदूर लगाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) भी मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और समाज में अपनी अलग पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही संगठन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
निर्मला चंदेल ने संगठन की शुरुआत और विस्तार के बारे में बताया कि वर्ष 2005 में इस पहल की शुरुआत हुई थी, जबकि वर्ष 2013 में संगठन का औपचारिक पंजीकरण करवाया गया। वर्तमान में संगठन प्रदेश के आठ जिलों के 23 ब्लॉकों में सक्रिय है और इससे 22,870 जरूरतमंद एकल महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि संगठन विधवा, परित्यक्ता, लापता या जेल में बंद पतियों की पत्नियों, साधु बन चुके पतियों की पत्नियों, 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं और ट्रांसजेंडर सहित विभिन्न श्रेणियों की महिलाओं के अधिकारों और कल्याण के लिए कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 में संगठन ने उन महिलाओं के सम्मान में ‘बहना दूज’ मनाने की पहल की थी, जिनके भाई नहीं हैं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की भावनाओं का सम्मान करना और समाज में समानता का संदेश देना है। अब इस परंपरा को अन्य राज्यों में भी अपनाया जा रहा है।
सोलन में एकल नारी शक्ति संगठन ने शुरू किया कार्यक्षेत्र, 20 पंचायतों की महिलाओं को किया जागरूक