सोलन में विकसित भारत संकल्प यात्रा, डॉ. राजीव सैजल ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां

सोलन। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विकसित भारत संकल्प सभा के माध्यम से देश को संबोधित किया गया। इसके उपलक्ष्य में सोलन में विकसित भारत संकल्प यात्रा (सेवा ज्योति यात्रा) का आयोजन किया गया। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के तहत सोलन जिला में भारतीय जनता युवा मोर्चा और युवाओं की ओर से बाइक रैली भी निकाली गई। डॉ. सैजल ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से लोगों को जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल में देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव हुए हैं। उनके अनुसार केंद्र सरकार ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। डॉ. सैजल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा से जोड़ा गया है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए गए, जबकि स्वच्छ भारत अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया।
डॉ. सैजल ने किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तीकरण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को भी केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि भारत आर्थिक और सामरिक क्षेत्र में लगातार मजबूत हो रहा है तथा विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने लोगों से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *