सोलन। तहसील सोलन के पट्टा बरोरी स्थित टटोली गांव के ग्रामीणों ने सड़क सुविधा के विस्तार के लिए अपनी निजी भूमि स्वेच्छा से दान कर मिसाल पेश की है। ग्रामीणों ने आपसी सहमति से सड़क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाई, जिससे गांव को बेहतर संपर्क मार्ग से जोड़ने का रास्ता साफ हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में उचित संपर्क सड़क सुविधा न होने के कारण लोगों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को स्कूल, अस्पताल तथा बाजार तक पहुंचने में दिक्कत होती थी। बरसात के दौरान समस्या और बढ़ जाती थी। अब सड़क निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए निजी भूमि दान करना गांव के सामूहिक हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया निर्णय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य को जल्द पूरा करवाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके।
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और सहमति से किया गया यह कार्य गांव के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। भूमि उपलब्ध होने से सड़क निर्माण कार्य में भी तेजी आने की संभावना है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग सबाथू के एसडीओ एवं सहायक अभियंता साहिल कश्यप, वार्ड सदस्य रीना ठाकुर, निर्मला देवी, सीता देवी, बेली राम, राम स्वरूप, राजेश कुमार, कृष्ण लाल, राम चंद सहित गांव के कई ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से सड़क निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने की मांग की है। BITE – टटोली गांव वार्ड मेंबर रीना ठाकुर