सोलन में 7,303 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा, जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना

सोलन। हिमाचल प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत जिला सोलन में चयनित 7,303 लाभार्थियों का अंतिम सत्यापन पूरा होने जा रहा है। जिला विकास अधिकारी रमेश शर्मा ने बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों में नौ चरणों के तहत इन लाभार्थियों का चयन किया गया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना को विधिवत शुरू करने की तैयारी है।
रमेश शर्मा ने बताया कि चयनित लाभार्थियों का अंतिम सत्यापन ग्राम सभाओं के माध्यम से करवाया जा रहा है, ताकि चयन प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे। यदि किसी व्यक्ति को किसी लाभार्थी के चयन पर आपत्ति है, तो वह संबंधित ग्राम सभा में अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है।
उपायुक्त सोलन की ओर से 16 से 18 नवंबर तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं के आयोजन की तिथियां निर्धारित की गई थीं। इसके तहत 16 नवंबर को 106, 17 नवंबर को 56 और 18 नवंबर को 93 ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गईं। इसके साथ ही अंतिम सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
जिला विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजना के लाभार्थियों का चयन बीपीएल श्रेणी से अलग किया गया है। वर्तमान बीपीएल परिवारों को मिलने वाली सुविधाएं पहले की तरह जारी रहेंगी। ग्राम सभाओं से अंतिम सत्यापन रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद प्रदेश सरकार योजना के शुभारंभ की तिथि निर्धारित करेगी। इसके बाद चयनित लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *