सोलन में हर 15 दिन चलेगा विशेष सफाई अभियान, खुले में कूड़ा फेंकने वालों के घर पहुंचेगा चालान

सोलन। दिवाली के बाद शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने की समस्या को देखते हुए नगर निगम सोलन ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से अब हर 15 दिन में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कर्मचारियों के साथ निगम का अन्य स्टाफ भी टीम वर्क के तहत काम करेगा।
मेयर ने बताया कि शहर की सफाई और नियमित निरीक्षण के लिए दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। पहली टीम सुबह 6 से 10 बजे तक शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई और निरीक्षण करेगी, जबकि दूसरी टीम दोपहर 12 से 2:30 बजे तक कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेगी। इस दौरान शहर के उन स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां लोग खुले में कचरा फेंकते हैं।
उन्होंने शहरवासियों, मकान मालिकों और किरायेदारों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थानों पर खुले में न फेंकें, बल्कि डोर-टू-डोर कचरा उठाने आने वाली गाड़ियों को ही कचरा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति कूड़ा पॉइंट पर कचरा फेंकता पाया गया तो नगर निगम के कर्मचारी और सुपरवाइजर उसके घर पहुंचकर चालान करेंगे।
मेयर ने बताया कि मॉल रोड पर सुबह और शाम दो बार कूड़ा उठाने वाली गाड़ी पहुंचती है, इसके बावजूद कुछ लोगों ने वहां चार से पांच अस्थायी कूड़ा पॉइंट बना दिए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से आग्रह किया कि वे कूड़ा केवल गाड़ी आने पर ही उसमें डालें।
इसके अलावा पंचायत क्षेत्रों से सटे नगर निगम के वार्डों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। मेयर के अनुसार, कुछ बाहरी लोग अपने वाहनों से शहर के आसपास कूड़ा फेंक रहे हैं। ऐसे वाहनों के नंबर नोट कर ट्रैफिक पुलिस की मदद से वाहन मालिकों के पते जुटाए जा रहे हैं, ताकि उनके घर चालान भेजे जा सकें। इस कार्रवाई के तहत कुछ चालान किए भी जा चुके हैं।
सुषमा शर्मा ने कहा कि सोलन शहर को साफ-सुथरा रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से सफाई अभियान में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *