सोलन में बजट के अभाव में थमा आवारा कुत्तों की नसबंदी का अभियान, नगर निगम से मांगी आर्थिक मदद

सोलन। जिले में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या के बीच उनकी नसबंदी का अभियान वित्तीय संसाधनों की कमी के कारण प्रभावित हो रहा है। पशुपालन विभाग के पास बजट समाप्त होने के चलते नसबंदी के लिए आवश्यक दवाइयां और सर्जिकल सामान भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में अभियान को आगे जारी रखना विभाग के लिए चुनौती बन गया है।
पशुपालन विभाग सोलन के उपनिदेशक डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि आवारा कुत्तों की नसबंदी की जिम्मेदारी मुख्य रूप से शहरी स्थानीय निकायों की है। इसके बावजूद पशुपालन विभाग अपने उपलब्ध संसाधनों से अब तक जिले में यह कार्य करवा रहा था। लेकिन वर्तमान में विभाग का बजट समाप्त हो चुका है और नसबंदी प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों तथा अन्य आवश्यक सामान की कमी है।
उन्होंने बताया कि एक आवारा कुत्ते की नसबंदी पर दवाइयों, टांकों और सर्जिकल उपकरणों सहित करीब एक हजार रुपये का खर्च आता है। बजट उपलब्ध नहीं होने के कारण विभाग फिलहाल इस खर्च को वहन करने की स्थिति में नहीं है। इससे अभियान की गति प्रभावित हुई है।
डॉ. अनीश कुमार ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम सोलन को कई बार पत्र लिखकर वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया है, लेकिन अभी तक विभाग को कोई आर्थिक मदद नहीं मिली है। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से जल्द अनुदान जारी करने की अपील की है, ताकि आवश्यक दवाइयां और सर्जिकल सामान खरीदा जा सके।
उन्होंने कहा कि वित्तीय सहायता मिलने पर नसबंदी अभियान को दोबारा सुचारू रूप से शुरू किया जा सकेगा। आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और आम लोगों की सुरक्षा के लिहाज से यह अभियान महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *