मंदिरों पर चोरों का धावा, पुलिस को खुली चुनौती! CCTV तक उखाड़ ले गए शातिर, शिव मंदिर से 50 हजार की नकदी पार

सोलन में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब भगवान के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। वार्ड नंबर-17 के न्यू कथेड़ स्थित शिव मंदिर में शनिवार रात चोरों ने सेंध लगाकर दानपात्र से करीब 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोर केवल नकदी ही नहीं ले गए, बल्कि मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनसे जुड़े पूरे सेटअप को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए, ताकि उनके खिलाफ कोई सबूत ही न बच सके। यह घटना साफ दर्शाती है कि चोरी को अंजाम देने वाले अपराधी बेहद शातिर और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को दिनदहाड़े एचआरटीसी मंदिर में चोरी हुई थी, उससे पहले भी एक अन्य मंदिर को निशाना बनाया गया था और अब न्यू कथेड़ का शिव मंदिर चोरों के निशाने पर आ गया। एक के बाद एक मंदिरों में हो रही चोरियों से लोगों में भारी रोष है। वार्ड नंबर-17 की पार्षद अरुण ठाकुर ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द चोर पकड़े नहीं गए तो आने वाले दिनों में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर बड़ा आंदोलन भी खड़ा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *