बारिश ने खोली सोलन की जल निकासी व्यवस्था की पोल, पुराने डीसी ऑफिस के पास सड़क बनी तालाब

सोलन में मानसून की पहली बारिश के साथ ही शहर की जल निकासी व्यवस्था की खामियां एक बार फिर उजागर हो गई हैं। पुराने डीसी ऑफिस के समीप नालियों की खराब स्थिति के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर पानी भर जाने से पैदल चलना मुश्किल हो गया है और वाहन गुजरने पर गंदा पानी लोगों पर उछल रहा है।

स्थानीय निवासी मंजीत ने इस समस्या पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि बारिश के दौरान यहां सड़क पर बड़ा जलभराव हो जाता है। कई बार वाहनों के गुजरने से पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच जाता है, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस समस्या की शिकायत पहले भी की गई थी और कुछ समय के लिए समाधान हुआ था, लेकिन अब हालात फिर से खराब हो गए हैं। मंजीत का कहना है कि यदि सड़क और नालियों के स्लोप को सही किया जाए तो पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आगामी अंतरराष्ट्रीय शूलिनी मेले से पहले इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बारिश के दौरान शहर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *