शूलिनी मेले से पहले बड़ा खतरा, ओल्ड डीसी ऑफिस की जर्जर दीवार बन सकती है हादसे का कारण

सोलन। विश्व प्रसिद्ध शूलिनी मेले के आयोजन में अब कुछ ही दिन शेष हैं और शहर में हजारों श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के पहुंचने की तैयारियां चल रही हैं। लेकिन इसी बीच शहर के ओल्ड डीसी ऑफिस (डीसी हाउस) भवन की सबसे ऊपरी मंजिल पर बनी एक जर्जर दीवार और छज्जा लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन का छज्जा बाहर की ओर झुक चुका है और उसकी स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वह किसी भी समय गिर सकता है। चिंताजनक बात यह है कि जिस रास्ते और चौक से शूलिनी मेले के दौरान हजारों लोग गुजरेंगे, उसी के ऊपर यह जर्जर हिस्सा मौजूद है।

स्थानीय व्यापारी मनजीत ने प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए बताया कि छज्जे पर एक पेड़ भी उग आया है, जिसकी जड़ें लगातार दीवार और छज्जे को कमजोर कर रही हैं। उनका कहना है कि यदि इतनी ऊंचाई से मलबा नीचे गिरता है तो वहां से गुजर रहे राहगीरों के लिए बचना लगभग असंभव होगा। उन्होंने बताया कि यह समस्या पिछले पांच से छह महीनों से बनी हुई है और इस संबंध में पहले भी प्रशासन को विभिन्न माध्यमों से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मनजीत ने मांग की है कि शूलिनी मेले की भीड़ शुरू होने से पहले जर्जर दीवार और छज्जे को सुरक्षित तरीके से हटाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *