सोलन ने जीती गवर्नर ट्रॉफी, 128 अंकों के साथ बना प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ जिला

सोलन। खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला सोलन ने प्रदेश स्तरीय गवर्नर ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। इस उपलब्धि के साथ सोलन को हिमाचल प्रदेश का खेलों में सर्वश्रेष्ठ जिला घोषित किया गया है। जिले ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में कुल 128 अंक हासिल कर यह मुकाम प्राप्त किया। इस उपलब्धि से जिले के खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और शिक्षा विभाग में खुशी की लहर है।
उच्च शिक्षा विभाग सोलन की उपनिदेशक मधु जनार्था ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि जिला शारीरिक शिक्षा संघ (डीएसएसए) के सदस्यों, डीपीई, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ताओं और पीईटी ने ट्रॉफी को उनके कार्यालय पहुंचाकर जिले की इस सफलता का जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने बताया कि सोलन जिले ने कबड्डी और हॉकी में स्टेट विनर के साथ स्टेट चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, कुश्ती, ताइक्वांडो और कराटे में भी जिले के खिलाड़ियों ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सोलन जिला दूसरे स्थान पर रहा। इन खेलों में खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन के चलते जिले को कुल 128 अंक मिले और गवर्नर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मधु जनार्था ने बताया कि सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंक गवर्नर ट्रॉफी के कुल स्कोर में शामिल नहीं थे, लेकिन इनमें भी सोलन के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कुल आठ में से छह स्पर्धाओं में जिले ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, छात्रों की प्रतियोगिताओं में आठ में से दो स्पर्धाओं में सोलन जिला प्रथम रहा।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय जिले के खिलाड़ियों, शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों की मेहनत को दिया। साथ ही सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *