सोलन : निपुण भारत मिशन के तहत 63 स्कूलों के शिक्षकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

सोलन। शिक्षा खंड सोलन में निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षकों के लिए पांच दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है। 30 नवंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा खंड के 63 प्राथमिक विद्यालयों से एक-एक शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की भाषा संबंधी समझ और बुनियादी गणितीय ज्ञान को मजबूत करना है, ताकि उन्हें बेहतर शैक्षणिक आधार प्रदान किया जा सके।
ब्लॉक एलिमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर (बीईईओ) हरिराम चंदेल ने बताया कि भारत सरकार की ओर से संचालित निपुण भारत मिशन के तहत यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। मिशन का लक्ष्य वर्ष 2026 तक फाउंडेशनल स्टेज के बच्चों में मूलभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) की दक्षता विकसित करना है। इसके माध्यम से बच्चों को पढ़ने, लिखने, समझने और गणित की बुनियादी अवधारणाओं में सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने भी विशेष रूप से शिरकत की और शिक्षकों के साथ संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि कक्षाओं में पढ़ाई के दौरान कमजोर विद्यार्थियों की पहचान की जाए तथा उनकी जरूरतों के अनुसार विशेष ध्यान दिया जाए। ऐसे विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी बच्चा बुनियादी शिक्षा से वंचित न रहे।
हरिराम चंदेल ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण शैक्षणिक विकास में शिक्षकों के साथ-साथ अभिभावकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्राथमिक पाठशाला में हर महीने स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की जाती है। इन बैठकों के माध्यम से अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बच्चों की पढ़ाई को लेकर चर्चा की जाती है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे एसएमसी की बैठकों में नियमित रूप से भाग लें और स्कूल प्रबंधन के साथ बेहतर तालमेल बनाकर रखें। साथ ही घर पर भी बच्चों की पढ़ाई के लिए समय निकालें। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *