सोलन में 650 दिव्यांग बच्चों की स्वास्थ्य जांच, आधुनिक मशीनों से दी जा रही थेरेपी

सोलन। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सोलन में दिव्यांग बच्चों के लिए तीन दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों और थेरेपिस्ट की टीम बच्चों की स्वास्थ्य जांच करने के साथ आधुनिक मशीनों के माध्यम से आवश्यक थेरेपी भी प्रदान कर रही है। सोलन जिले के 10 शिक्षा खंडों के करीब 650 बच्चे इस शिविर का लाभ उठा रहे हैं।
डाइट के उपनिदेशक डॉ. राजेंद्र वर्मा ने बताया कि संस्थान की ओर से हर वर्ष दिव्यांग बच्चों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों का उद्देश्य बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य सुविधाएं और उपचार उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इस बार भी विशेषज्ञ चिकित्सकों और थेरेपिस्ट की सहायता से बच्चों की जांच एवं थेरेपी की जा रही है। आधुनिक तकनीक और मशीनों के माध्यम से बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उनके शारीरिक और मानसिक विकास को प्रोत्साहन मिल सके और उन्हें शिक्षा व समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
शिविर में बच्चों को लेकर पहुंचे अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि शिविर में बच्चों को आधुनिक मशीनों से थेरेपी देने के साथ अभिभावकों को घर पर उनकी देखभाल करने के तरीके भी समझाए जा रहे हैं। इससे उन्हें बच्चों की जरूरतों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिल रही है। अभिभावकों ने कहा कि इस तरह के शिविर दिव्यांग बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डाइट प्रबंधन और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। BITES

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *