सोलन। हेल्पएज इंडिया की ओर से दुर्गा क्लब सोलन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अल्जाइमर और डिमेंशिया (भूलने की बीमारी) पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को बीमारी के लक्षणों, बचाव और मरीजों की देखभाल के प्रति जागरूक करना रहा।
हेल्पएज इंडिया हिमाचल के राज्य प्रमुख डॉ. राजेश ने बताया कि संस्था का रीजनल रिसोर्स एंड ट्रेनिंग सेंटर हिमाचल, पंजाब और चंडीगढ़ में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अल्जाइमर की समस्या मुख्य रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में देखने को मिलती है। भारत में करीब 80 लाख लोग इस बीमारी से प्रभावित हैं। उन्होंने शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यशाला में मुख्य वक्ता न्यूरोसर्जन डॉ. आरसी ठाकुर ने कहा कि अल्जाइमर का फिलहाल पूर्ण इलाज उपलब्ध नहीं है, इसलिए बचाव और समय पर पहचान बेहद जरूरी है। उन्होंने ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखने तथा धूम्रपान और शराब से दूर रहने की सलाह दी।
इस दौरान बुजुर्गों और उनके परिजनों को मरीजों की उचित देखभाल के तरीके भी बताए गए। विशेषज्ञों ने कहा कि जागरूकता और परिवार का सहयोग मरीजों को बेहतर एवं सम्मानजनक जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।