सोलन में धार्मिक प्रतीकों के कारण सिख युवक को परीक्षा से रोकने का आरोप

सोलन। सोलन के अंजी स्थित देव भूमि परीक्षा केंद्र में पटवारी भर्ती परीक्षा देने पहुंचे एक सिख युवक को धार्मिक प्रतीक कड़ा और कृपाण पहनने के कारण प्रवेश नहीं देने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद सिख समुदाय में रोष है।
परीक्षार्थी जश्नदीप सिंह ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र में उनसे कड़ा और कृपाण उतारने को कहा गया। धार्मिक मान्यताओं के चलते ऐसा करने से इनकार करने पर उन्हें परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। इसके चलते वह परीक्षा देने से वंचित रह गए।
जश्नदीप सिंह ने बताया कि इससे पहले भी वह कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कड़ा और कृपाण पहनकर शामिल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें कभी ऐसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में कड़ा और कृपाण धार्मिक आस्था एवं पहचान के प्रतीक हैं।
घटना के बाद समुदाय के लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग उठाई है। हालांकि, इस मामले में परीक्षा प्रबंधन और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *