सोलन। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय और भारत सरकार के समाज कल्याण मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘संगम गौरवपूर्ण व्यवस्था एवं सम्मानित जीवन’ अभियान के तहत सोलन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के समाज सेवा प्रभाग, माउंट आबू के मुख्यालय समन्वयक ब्रह्माकुमार वीरेंद्र भाई ने भारतीय संस्कृति के संरक्षण, पारिवारिक मूल्यों और बुजुर्गों के सम्मान के महत्व पर प्रकाश डाला।
वीरेंद्र भाई ने बताया कि 2 मई 2025 को राष्ट्रपति भवन में भारत सरकार के समाज कल्याण मंत्रालय और ब्रह्माकुमारी संस्था के बीच इस अभियान को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ था। इसके तहत वर्तमान में पूरे हिमाचल प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज में बढ़ती पीढ़ियों के बीच दूरी को कम करना और भारतीय संस्कृति एवं पारिवारिक व्यवस्था को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में युवा नौकरी और अन्य कारणों से परिवार से दूर हो रहे हैं। कई घरों में बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। ऐसे में परिवार के सदस्यों को उनके साथ समय बिताना चाहिए और उनके अनुभवों का लाभ लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे प्रतिदिन सुबह माता-पिता और बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लें तथा उनके साथ संवाद बनाए रखें।
वीरेंद्र भाई ने कहा कि बुजुर्ग परिवार के विशाल वृक्ष के समान होते हैं, जो अपने अनुभव, मार्गदर्शन और आशीर्वाद से परिवार को संबल प्रदान करते हैं। उन्होंने वृद्धाश्रमों की बढ़ती आवश्यकता को सामाजिक विडंबना बताते हुए कहा कि बुजुर्गों को परिवार में सम्मान और अपनापन मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि माता-पिता के सम्मान के लिए किसी विशेष दिवस की आवश्यकता नहीं है, बल्कि हर दिन उनके प्रति आदर और कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए। बुजुर्गों का सम्मान और भारतीय संस्कारों का संरक्षण ही मजबूत समाज की नींव है।
सोलन : संगम गौरव अभियान के तहत बुजुर्गों के सम्मान और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर दिया संदेश