सोलन। नगर निगम सोलन की सिलगड़ा स्थित डंपिंग साइट पर 24 लाख रुपये की लागत से डंगे का निर्माण करवाया गया है। इसके बनने से डंपिंग साइट से कूड़ा नीचे अश्विनी खड्ड की ओर जाने वाले रास्ते पर गिरना बंद हो गया है। इससे आसपास के गांवों के लोगों को काफी राहत मिली है। यह जानकारी नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने दी।
उन्होंने बताया कि डंपिंग साइट से कूड़ा सड़क पर गिरने और दुर्गंध फैलने के कारण आसपास के ग्रामीण लंबे समय से परेशान थे। इस संबंध में लोग लगातार शिकायतें भी कर रहे थे। डंगे का निर्माण होने के बाद अब कूड़ा नीचे रास्ते तक नहीं पहुंच रहा है। साथ ही क्षेत्र में फैलने वाली बदबू की समस्या में भी सुधार हुआ है।
गौरव राजपूत ने बताया कि डंपिंग साइट पर कचरे के उचित निस्तारण के लिए दो अलग-अलग कंपनियां काम कर रही हैं। इनमें एक कंपनी फ्रेश वेस्ट यानी नए कचरे के प्रबंधन का जिम्मा संभाल रही है, जबकि दूसरी कंपनी लेगेसी वेस्ट यानी पुराने जमा कचरे के निस्तारण का कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि डंगे के निर्माण के दौरान भूस्खलन के कारण जमा हुए आरडीएफ वेस्ट को भी नगर निगम की ओर से पूरी तरह साफ करवा दिया गया है। निगम का प्रयास शहर में कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाना और आसपास के लोगों को राहत प्रदान करना है।
सोलन : सिलगड़ा डंपिंग साइट पर 24 लाख से बना डंगा, ग्रामीणों को कूड़े और बदबू से मिली राहत