सोलन। शिक्षा विभाग सोलन की ओर से प्राथमिक शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से निपुण भारत मिशन के तहत पांच दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। इस प्रशिक्षण में सोलन शिक्षा खंड के 63 प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक भाग ले रहे हैं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) की दक्षताओं को विकसित करना और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है।
निपुण कार्यशाला के संयोजक कमलदेव ने बताया कि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी कक्षा के स्तर के अनुरूप पढ़ने, लिखने और गणितीय गणनाओं का बुनियादी ज्ञान देना है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि विद्यार्थियों की शुरुआती कक्षाओं में इन क्षमताओं का उचित विकास किया जाए तो आगे की पढ़ाई को समझना उनके लिए आसान हो जाता है।
उन्होंने कहा कि निपुण योजना का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को बुनियादी शैक्षणिक दक्षताओं में निपुण बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को बच्चों की सीखने की जरूरतों को समझने और उन्हें सरल, रोचक एवं प्रभावी शिक्षण विधियों से पढ़ाने के तरीके बताए जा रहे हैं।
कमलदेव ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को ऐसी गतिविधियों और शिक्षण तकनीकों से अवगत करवाया जा रहा है, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित की जा सके। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और अनुभव को विद्यालयों में लागू करेंगे, जिससे कक्षाओं में शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से प्राथमिक स्तर पर विद्यार्थियों की पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी क्षमताओं में सुधार होगा तथा निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिलेगी।
सोलन : निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक शिक्षकों को दिया जा रहा पांच दिवसीय प्रशिक्षण