सोलन। हिमाचल प्रदेश में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र ने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में 2,216 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। उन्होंने इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफे की मांग की है।
शैलेंद्र ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिए गए औद्योगिक पैकेज के बाद हिमाचल में दवा उद्योग को बढ़ावा मिला। आज देश के कुल दवा उत्पादन का करीब 35 प्रतिशत हिस्सा हिमाचल में तैयार होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 47 ऐसी दवा कंपनियां हैं, जिनके सैंपल 10 से अधिक बार फेल हो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता से जुड़ा मामला सीधे लोगों के स्वास्थ्य और जीवन से जुड़ा है। सरकार की कथित लापरवाही से प्रदेश के दवा उद्योग की छवि भी प्रभावित हो रही है। शैलेंद्र ने सरकारी अस्पतालों में दवाओं और इंजेक्शनों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से दवा कंपनियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अस्पतालों में पर्याप्त दवाएं उपलब्ध करवाने की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद छोड़ने की मांग की।
सोलन : हिमाचल में दवा सैंपल फेल होने पर भाजपा ने स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा मांगा