सोलन। शहर में तेंदुए की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। शूलिनी मंदिर के समीप एक घर की गैलरी में रात के समय तेंदुआ घूमता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। आबादी वाले क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार रात के समय एक तेंदुआ शूलिनी मंदिर के समीप स्थित घर में घुस गया। इस दौरान वह घर की गैलरी में काफी देर तक घूमता नजर आया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुए की पूरी गतिविधि रिकॉर्ड हो गई। फुटेज सामने आने के बाद क्षेत्र में रहने वाले लोग सहमे हुए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के बीचोंबीच स्थित रिहायशी इलाके में तेंदुए का पहुंचना चिंता का विषय है। रात के समय लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों को आशंका है कि यदि अचानक किसी व्यक्ति का सामना तेंदुए से हो जाता तो कोई अप्रिय घटना हो सकती थी।
घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है। स्थानीय लोगों ने विभाग से जल्द मौके पर पहुंचकर तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने और उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय बना हुआ है। लोगों ने रात के समय विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत जताई है।