सोलन-सुबाथू मार्ग पर सड़क हादसा, गहरी ढलान में गिरी पंजाब नंबर की कार, चालक गंभीर

सोलन। सोलन-सुबाथू मार्ग पर बेरठी के समीप शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। यहां पंजाब नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से काफी नीचे जा गिरी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में भर्ती करवाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कार कुठाड़ से सोलन की ओर आ रही थी। शनिवार सुबह करीब 10 बजे जब वाहन बेरठी के नजदीक पहुंचा तो अचानक चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते कार सड़क से नीचे जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के समय कार में केवल चालक ही सवार था।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *