सोलन: नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों को मिले प्रमाण पत्र, शहर के समग्र विकास का लिया संकल्प

नगर निगम सोलन के हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में विजयी रहे भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षदों को मंगलवार को आधिकारिक रूप से जीत के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। जिलाधीश कार्यालय में आयोजित प्रक्रिया के दौरान सभी निर्वाचित पार्षदों ने अपने प्रमाण पत्र प्राप्त किए। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
प्रमाण पत्र वितरण के बाद भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सोलन की जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उस पर पार्टी पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष से भाजपा संगठन और कार्यकर्ता शहर के विकास तथा जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करते रहे हैं। अब नगर निगम में स्पष्ट जनादेश मिलने के बाद विकास कार्यों को गति देने का अवसर प्राप्त हुआ है।
शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि नवनिर्वाचित पार्षद संगठन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेंगे और नगर निगम के माध्यम से शहर की मूलभूत समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले एक से डेढ़ वर्ष के भीतर सोलन शहर में विकास की नई तस्वीर दिखाई देगी। सड़क, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन द्वारा लिए जाने वाले निर्णय पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर किए जाएंगे। भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास और सुशासन का उदाहरण प्रस्तुत करना है।
भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष ने सोलन की जागरूक और प्रबुद्ध जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने पार्टी को बहुमत देकर सेवा का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम में भाजपा के पार्षद पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे तथा शहर के विकास को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता को जल्द ही प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास कार्यों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *