जिला परिषद के वार्ड नंबर-6 (डांगरी) से विजयी घोषित होने के बाद कुमारी शीला ने प्रेस वार्ता आयोजित कर क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी जीत का श्रेय मतदाताओं के विश्वास, कार्यकर्ताओं की मेहनत और मां शूलिनी के आशीर्वाद को दिया।
कुमारी शीला ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड के लोगों ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया, जिसके लिए वह सदैव आभारी रहेंगी। उन्होंने विशेष रूप से उन कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया जिन्होंने भीषण गर्मी और कठिन परिस्थितियों में घर-घर जाकर उनके पक्ष में प्रचार किया। साथ ही चुनावी व्यस्तताओं के कारण मीडिया से नियमित संपर्क न रख पाने पर खेद भी व्यक्त किया।
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रति भी आभार जताया। कुमारी शीला ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, डॉ. राजीव बिंदल, राजेश कश्यप, जिला नेतृत्व और संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
भविष्य की योजनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। जो विकास कार्य किसी कारणवश अधूरे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह वार्ड की जनता की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए तन-मन से कार्य करेंगी तथा हर समय लोगों के बीच रहकर उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी।
Byte- कुमारी शीला
सोलन: जिला परिषद वार्ड-6 से विजयी कुमारी शीला ने जताया जनता का आभार, विकास कार्यों को दी प्राथमिकता