सोलन : कारगिल विजय दिवस पर लायंस क्लब सोलन वैली की भव्य विजय रैली, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा शनिवार को भव्य विजय रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सेना के शौर्य, साहस और बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
क्लब के पीआरओ विनीत राय सूद ने बताया कि रैली का शुभारंभ उपायुक्त सोलन ने पुराने चिल्ड्रन पार्क से हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद रैली पुराने चिल्ड्रन पार्क से आर्मी एरिया गेट तक निकाली गई। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष किए, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।
रैली में सोलन के विभिन्न विद्यालयों के 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसके अलावा एनसीसी की गर्ल्स और बॉयज बटालियन के कैडेट्स भी विशेष रूप से शामिल हुए। शहर के अनेक सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने भी रैली में भाग लेकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष रविंद्र बाबा और कार्यक्रम के चेयरमैन विनीत राय सूद ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य कारगिल के वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को याद करना और देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने और देश के वीर सैनिकों के योगदान से उन्हें परिचित कराने का सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम में लायंस क्लब के सभी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर इसे सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *