सोलन: खबरें प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी, पत्रकारिता में नैतिक जिम्मेदारी निभाएं मीडिया कर्मी : एएसपी रमेश शर्मा

सोलन। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रमेश शर्मा ने पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए समाज में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और मीडिया समाज की समस्याओं तथा आम जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य भी मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से होता है।
एएसपी रमेश शर्मा ने कहा कि पत्रकारों का दायित्व केवल समाचारों को प्रकाशित या प्रसारित करना ही नहीं, बल्कि समाज को सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध करवाना भी है। इसके लिए जरूरी है कि प्रत्येक खबर को पूरी जिम्मेदारी और निष्पक्षता के साथ प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने सभी पत्रकारों को उनके कार्यों के लिए बधाई देते हुए समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की सराहना की।
उन्होंने आधुनिक दौर में मीडिया के सामने आ रही चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण खबरों को सबसे पहले प्रसारित करने की प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। इस होड़ में कई बार खबरों की सत्यता और पत्रकारिता के मूल सिद्धांत पीछे छूट जाते हैं। सनसनीखेज खबरें प्रसारित करने की जल्दबाजी समाज में भ्रम की स्थिति पैदा कर सकती है।
एएसपी ने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उससे जुड़े सभी तथ्यों और जानकारियों की अच्छी तरह जांच-पड़ताल करें। खबर की पुष्टि के लिए संबंधित पक्षों से जानकारी लेना और तथ्यों का सत्यापन करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए निष्पक्षता, विश्वसनीयता और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता करनी चाहिए। सही तथ्यों पर आधारित समाचार ही समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ जनता और सरकार के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया कर्मी पत्रकारिता के उच्च मानदंडों और विश्वसनीयता को बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *