सोलन: पुलिस भर्ती 17 से 23 नवंबर तक, पहले दिन 1100 महिला अभ्यर्थियों की होगी भर्ती प्रक्रिया

सोलन। जिला सोलन में पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस लाइन सोलन में 17 से 23 नवंबर तक भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि भर्ती का आयोजन प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शुरू होगा। यदि किसी कारणवश समय में बदलाव किया जाता है तो अभ्यर्थियों को इसकी सूचना समय रहते दे दी जाएगी।
एएसपी रमेश शर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन करीब 1100 महिला अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि और समय पर पुलिस लाइन पहुंचने की अपील की है, ताकि उनकी उपस्थिति दर्ज करने और पंजीकरण की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। उन्होंने कहा कि भर्ती को व्यवस्थित और सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस लाइन में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि पुलिस भर्ती पूरी तरह निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत संपन्न करवाई जाएगी। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के झांसे में आने या भर्ती में चयन करवाने का प्रलोभन देने वालों से सावधान रहें।
एएसपी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति भर्ती में मदद करने, चयन करवाने या किसी अन्य प्रकार का अनुचित लाभ दिलाने का दावा करता है तो अभ्यर्थी तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे पूरी पारदर्शिता के साथ होने वाली भर्ती प्रक्रिया में शामिल हों और किसी भी तरह के गलत माध्यम का सहारा न लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *