सोलन। शहर में पेयजल आपूर्ति को लेकर कांग्रेस और नगर निगम के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। शहरी कांग्रेस ने पेयजल वितरण व्यवस्था में खामियों का आरोप लगाते हुए मेयर सुषमा शर्मा का घेराव किया और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंचने तथा पाइपलाइनों में लीकेज की समस्या को जल्द दूर करने की मांग उठाई। वहीं, मेयर ने नियमित पेयजल आपूर्ति का दावा करते हुए व्यवस्था में आ रही प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों की जानकारी दी।
शहरी कांग्रेस के नेता पुनीत शर्मा ने आरोप लगाया कि जल शक्ति विभाग की ओर से 27 अक्टूबर से प्रतिदिन 80 से 90 लाख लीटर पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है, लेकिन नगर निगम का वितरण नेटवर्क बदहाल होने के कारण लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि शहर में कई स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज और कमजोर वितरण व्यवस्था के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों से नगर निगम को बजट और आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं करवाई गई है, जिससे पेयजल व्यवस्था सुधारने के कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उधर, मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि बरसात के दौरान पेयजल आपूर्ति में कुछ दिक्कतें आई थीं, लेकिन पिछले 15 दिनों से शहर के सभी वार्डों में हर चौथे दिन नियमित रूप से पानी दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के आठ वार्डों में जल शक्ति विभाग और पुराने नगर निगम क्षेत्रों में निगम स्वयं पेयजल आपूर्ति कर रहा है। दो अलग-अलग विभागों के नियंत्रण के कारण समन्वय में परेशानी आ रही है।
मेयर ने बताया कि 31 जुलाई 2025 को प्रदेश मंत्रिमंडल ने पूरी पेयजल आपूर्ति व्यवस्था जल शक्ति विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी थी, लेकिन अब तक आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ है। नगर निगम ने इस संबंध में 6 नवंबर 2026 को सरकार को दोबारा रिमाइंडर भेजा है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था का हस्तांतरण होने से पेयजल आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को दूर करने में मदद मिलेगी।
सोलन : पेयजल संकट पर कांग्रेस ने मेयर का किया घेराव, नगर निगम ने गिनाईं प्रशासनिक अड़चनें