सोलन: 24 जून तक मांगें पूरी नहीं हुईं तो 25 जून से HRTC बसों का चक्का जाम: मान सिंह ठाकुर

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) चालक-परिचालक संघ ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर प्रदेश सरकार को चेतावनी दी है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने मंगलवार को सोलन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि यदि 24 जून तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 25 जून से प्रदेशभर में HRTC बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निगम के हजारों कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों को हर महीने 10 तारीख तक वेतन मिलने के कारण घरेलू खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है। संघ की प्रमुख मांग है कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित रूप से वेतन दिया जाए।
मान सिंह ठाकुर ने बताया कि कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA), वेतन विसंगतियों, टाइम स्केल तथा अन्य भत्तों सहित लगभग 150 करोड़ रुपये सरकार पर बकाया हैं। इसके अलावा कर्मचारियों के करीब 20 करोड़ रुपये के मेडिकल बिल भी लंबे समय से लंबित पड़े हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 8 हजार सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन संबंधी समस्याएं भी अभी तक पूरी तरह हल नहीं हो पाई हैं।
उन्होंने बताया कि संघ ने सोलन से जन जागरण अभियान की शुरुआत कर दी है, जिसे प्रदेश के सभी HRTC डिपो तक पहुंचाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से कर्मचारियों और आम जनता को उनकी मांगों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
संघ अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार ने समय रहते कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो 25 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में प्रदेशभर में बस सेवाएं प्रभावित होंगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार तथा प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *