हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर सिरमौर कल्याण मंच द्वारा सोलन में 24वें वार्षिक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा मुख्य अतिथि तथा डिप्टी मेयर गौरव भारद्वाज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। दोनों ने डॉ. परमार की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर से हुई। इसके बाद कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया, जबकि शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समां बांधा। समारोह में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया।
सिरमौर कल्याण मंच के प्रधान प्रदीप म्मलिग ने कहा कि डॉ. परमार ने आधुनिक हिमाचल की मजबूत नींव रखी और प्रदेश के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार का मानना था कि सड़कें प्रदेश की भाग्य रेखाएं हैं, इसलिए उनके अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
मेयर सुषमा शर्मा ने कहा कि शिक्षा, सामाजिक विकास, आर्थिक सशक्तिकरण और सुशासन के क्षेत्र में डॉ. परमार का योगदान आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जनप्रतिनिधियों को उनके आदर्शों से सीख लेकर जनसेवा करनी चाहिए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1971 में हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में डॉ. परमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने प्रदेश की संस्कृति, भाषा और पहचान को संरक्षित रखने के लिए जीवनभर कार्य किया। उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सोलन : डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर सोलन में भव्य समारोह, सिरमौर कल्याण मंच ने मनाया 24वां उत्सव