सोलन : आम आदमी पार्टी ने हिमाचल में सदस्यता अभियान तेज किया, 2027 चुनाव की तैयारियों का किया ऐलान

आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी सदस्यता अभियान शुरू कर दिया है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं सोलन विधानसभा अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सोमवार को बताया कि 2 अगस्त से प्रदेश की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोलन में भी पार्टी के प्रभारी और सह-प्रभारी की मौजूदगी में कैनोपी लगाकर नए सदस्यों को जोड़ने की शुरुआत की गई।
राजीव शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में वैकल्पिक राजनीति को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा दोनों दल जनता की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर पाए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने चुनाव के दौरान कई वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने मुफ्त बिजली और महिलाओं को सम्मान निधि जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने पड़ोसी राज्य पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपनी चुनावी गारंटियों को लागू किया है। उनके अनुसार पंजाब में महिलाओं को आर्थिक सहायता, मुफ्त बिजली तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि वहां नागरिकों के लिए जीवन बीमा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
राजीव शर्मा ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश में जनहित और पारदर्शिता पर आधारित राजनीति को बढ़ावा देना है। उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ेगी तथा अधिक से अधिक लोगों से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को मजबूत बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *