हिमाचल प्रदेश के निर्माता एवं प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती के अवसर पर सिरमौर कल्याण मंच द्वारा सोलन में रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंच के सक्रिय सदस्य अजय कंवर ने प्रदेशवासियों को जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि मंच वर्ष 2002 से निरंतर रक्तदान शिविर आयोजित कर समाज सेवा का कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि मंच प्रत्येक वर्ष लगभग 50 यूनिट रक्त एकत्रित करता है, जिसे सड़क दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।
अजय कंवर ने बताया कि वह स्वयं वर्ष 2003 से सिरमौर कल्याण मंच से जुड़े हैं और अब तक 38 से 40 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने युवाओं से भी नियमित रूप से रक्तदान करने और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. यशवंत सिंह परमार का जीवन समाज सेवा, विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर मंच वर्षों से सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया तथा रक्तदान के साथ समाज सेवा और मानवता के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहयोग देने का संकल्प लिया। मंच पदाधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के जनहित कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
सोलन : डॉ. यशवंत सिंह परमार की 120वीं जयंती पर रक्तदान शिविर, जरूरतमंदों की सेवा का दिया संदेश