मुंडू के छात्र मनीष ने जीता कांस्य पदक, राज्य स्तरीय कुराश चैंपियनशिप के लिए हुआ चयन

बट्टा कुफर स्थित राजकीय विद्यालय में आयोजित तीसरी शिमला जिला कुराश चैंपियनशिप में राजकीय हाई स्कूल मुंडू के छात्र मनीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। पहली बार कुराश प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले मनीष की इस उपलब्धि से विद्यालय और क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन आगामी 23 और 24 अगस्त को मनाली में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय कुराश चैंपियनशिप के लिए किया गया है।
हिमाचल प्रदेश एमेच्योर एसोसिएशन ऑफ कुराश के महासचिव वीरेंद्र सिंह ढलटा ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के लगभग 12 क्लबों के 100 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में घनाहट्टी कुराश स्पोर्ट्स क्लब प्रथम, चौपाल की परशुराम स्पोर्ट्स एकेडमी द्वितीय तथा सुन्नी सेंटर तृतीय स्थान पर रहा। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
राजकीय हाई स्कूल मुंडू के पीईटी अमर वर्मा ने बताया कि लगातार बारिश के बावजूद आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के भोजन, आवास और अन्य व्यवस्थाओं का बेहतर प्रबंधन किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश कुराश एसोसिएशन और जिला कुराश एसोसिएशन के सफल आयोजन की सराहना की।
अमर वर्मा ने कहा कि मनीष ने पहली ही प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने महासचिव वीरेंद्र सिंह ढलटा की भी सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर प्रतियोगिता को सफल बनाया। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी मनीष बेहतर प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
BITE – Virender Dhaulta जनरल सेक्रेटरी हिमाचल प्रदेश एसोसिएशन कुराश, अमर वर्मा PET Govt. हाई स्कूल मंडू, गवर्नमेंट हाई स्कूल मंडू छात्र मनीष

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *