संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा का सोमवार को सोलन में भव्य स्वागत किया गया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर स्थानीय संतों का सम्मान किया गया तथा उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
भाजपा समस्त प्रकोष्ठों के संयोजक एवं शिमला संसदीय क्षेत्र के कलश यात्रा प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया ने बताया कि संत रविदास जी की जन्मस्थली काशी से लाई गई पवित्र रज को कलश में स्थापित कर देशभर में यात्रा निकाली जा रही है। यह अभियान 20 फरवरी तक विभिन्न राज्यों में चलेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा हिमाचल प्रदेश के ऊना से शुरू होकर सिरमौर के बाद सोलन पहुंची है और यहां से शिमला के लिए रवाना होगी। प्रदेश स्तरीय यात्रा का समापन 8 अगस्त को हमीरपुर के कांगू में होगा।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सेजल ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, समरसता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने जाति-पाति और ऊंच-नीच के भेदभाव को समाप्त कर सभी को एक समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों और काशी की पवित्र रज को प्रदेश के गांव-गांव और मंदिरों तक पहुंचाकर सामाजिक एकता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन, शिक्षाओं और समाज सुधार में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।