गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर सोलन में माता के दरबार में गणपति महाराज की स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ हुआ। पूर्व पार्षद पुनित शर्मा और कार्यक्रम संचालक विकास ओबेरॉय ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पिछले पांच वर्षों से लगातार श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने शहरवासियों से गणेश महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भगवान गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया।
आयोजकों के अनुसार गणेश जी की स्थापना एवं पूजन का कार्यक्रम सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक आयोजित किया गया। पूजा-अर्चना का अनुष्ठान करवाने वाले ब्राह्मण देव पिछले पांच वर्षों से लगातार इस आयोजन से जुड़े हैं। आयोजकों ने बताया कि वह पूरे व्रत रखकर विधि-विधान और पूरी निष्ठा के साथ गणपति महाराज की स्थापना व पूजा संपन्न करवाते हैं।
गणेश महोत्सव के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विशेष रूप से विभिन्न भजन मंडलियों को आमंत्रित किया गया है। भजन संध्या में श्रद्धालु भगवान गणेश की भक्ति में सराबोर होंगे और धार्मिक गीतों का आनंद लेंगे।
आयोजकों ने बताया कि गणपति महाराज की महाआरती भी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही आगामी पांच दिनों तक प्रतिदिन रात 8 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था रहेगी।
पूर्व पार्षद पुनित शर्मा और कार्यक्रम संचालक विकास ओबेरॉय ने कहा कि गणेश महोत्सव का उद्देश्य शहरवासियों को धार्मिक आयोजन से जोड़ना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणपति पूजन से करने की परंपरा रही है। उन्होंने सोलनवासियों से महोत्सव में शामिल होकर भगवान गणेश का आशीर्वाद लेने की अपील की।
सोलन : माता के दरबार में गणपति महाराज की स्थापना के साथ गणेश महोत्सव का शुभारंभ