जिला सोलन में 18 सितंबर को नेशनल डी-वॉर्मिंग डे मनाया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली तथा पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में करीब 2,200 बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाने तथा लगभग 50,460 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के लिए सोलन ब्लॉक के स्कूलों को जिला स्तर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि अन्य ब्लॉकों में प्रशिक्षण और दवाइयों का वितरण ब्लॉक स्तर पर किया जाएगा।
अभियान के दौरान जिले के 1,096 सरकारी स्कूलों, 294 निजी स्कूलों और 1,281 आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को दवा दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि निर्धारित आयु वर्ग का कोई भी बच्चा दवा लेने से वंचित न रहे। यदि 18 सितंबर को किसी कारणवश कोई बच्चा दवा लेने से छूट जाता है तो एक सप्ताह बाद मॉप-अप राउंड आयोजित कर उसे दवा दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण एनीमिया यानी खून की कमी का प्रमुख कारण बन सकता है। इसके कारण बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही पढ़ाई, एकाग्रता और सीखने की क्षमता भी प्रभावित हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से वर्ष में दो बार नेशनल डी-वॉर्मिंग डे आयोजित किया जाता है। उन्होंने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अभियान में सहयोग करने की अपील की।
सोलन : 18 सितंबर को मनाया जाएगा नेशनल डी-वॉर्मिंग डे, स्वास्थ्य विभाग ने पूरी की तैयारियां