सोलन : चार करोड़ की कृषि परियोजना का निर्माण तेज, आठ माह में होगी पूरी

सोलन। किसानों की सुविधा के लिए बनाई जा रही कृषि परियोजना का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सहायक अभियंता इंजीनियर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का लगभग 20 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में भवन के ग्राउंड फ्लोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इसकी फुटिंग, कॉलम और बीम का काम पूरा कर लिया गया है। क्षेत्र में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल (डंगे) का निर्माण भी करवाया गया है, जो लगभग पूरा हो चुका है। अब भवन की छत डालने के लिए स्लैब की शटरिंग का कार्य किया जा रहा है।
इंजीनियर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के कारण निर्माण कार्य की गति कुछ प्रभावित हुई थी, लेकिन मौसम साफ होने के बाद काम में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी छह से आठ महीनों में परियोजना का निर्माण पूरा कर इसे किसानों और आम जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इससे किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *