सोलन। दीपावली पर्व के मद्देनजर सोलन पुलिस ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक साईं दत्तत्रेया वर्मा ने जिलावासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
एसपी ने कहा कि लोग केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेताओं से ही पटाखे खरीदें और खुले स्थानों पर बड़ों की निगरानी में आतिशबाजी करें। पटाखे जलाते समय पास में पानी या आग बुझाने के अन्य साधन जरूर रखें। उन्होंने बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने की सलाह दी।
उन्होंने वाहन चालकों से शराब पीकर गाड़ी न चलाने और पहाड़ी सड़कों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करने का आग्रह किया। त्योहार के दौरान घर से बाहर जाने पर पड़ोसियों, रिश्तेदारों या पुलिस को इसकी सूचना देने की भी सलाह दी गई है।
एसपी ने बाजारों में सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा। इसके लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन कर सभी लोग सुरक्षित और शांतिपूर्ण दीपावली मनाएं।