नौणी क्षेत्र में इस बार टमाटर, मक्खन बीन और शिमला मिर्च की बेहतर पैदावार से किसानों में उत्साह का माहौल है। अच्छी उपज के साथ-साथ बाजार में मिल रहे संतोषजनक दामों ने किसानों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है।
क्षेत्र के प्रगतिशील किसान एवं पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने बताया कि नौणी तथा आसपास के गांवों में टमाटर की फसल पूरी तरह तैयार हो चुकी है और जल्द ही बड़ी मात्रा में मंडियों तक पहुंचेगी। इसके अलावा मक्खन बीन और शिमला मिर्च की फसलों की तुड़ाई भी शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मौसम अनुकूल रहने से फसलों की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों बेहतर रहे हैं।
मदन हिमाचली के अनुसार हाल ही में हुई वर्षा किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं रही। कई क्षेत्रों में सिंचाई के लिए पानी की कमी महसूस की जा रही थी, लेकिन बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी उपलब्ध हो गई है, जिससे फसलों को लाभ मिला है और उत्पादन में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मक्खन बीन के बाजार भाव काफी अच्छे चल रहे हैं, जिससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त हो रही है। वहीं टमाटर की फसल भी अब बाजार में पहुंचने वाली है और किसानों को उम्मीद है कि इसके भी अच्छे दाम मिलेंगे। अच्छी पैदावार और बेहतर बाजार भाव की संभावनाओं से क्षेत्र के किसानों और बागवानों के चेहरे खिले हुए हैं।