शहर के वार्ड नंबर-1 में लिंक रोड निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पिछले करीब 15 दिनों से एक व्यक्ति बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के सड़क निर्माण का कार्य करवा रहा है, जिससे क्षेत्र के कई लोगों के वाहन फंस गए हैं और मार्ग आंशिक रूप से बाधित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब उन्होंने सड़क निर्माण करवा रहे व्यक्ति से इस संबंध में बातचीत करने का प्रयास किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति के साथ भी कथित रूप से कहासुनी हुई थी। इसी बीच एक व्यक्ति की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि मृतक को हार्ट अटैक आया था, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।