सोलन में भाजपा शहरी मंडल का आरोप, बिना संवैधानिक पद सरकारी बैठकों में हस्तक्षेप स्वीकार नहीं

सोलन। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र ने प्रेस वार्ता कर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन में एक ऐसा व्यक्ति पिछले करीब दो वर्षों से सरकारी बैठकों और कार्यक्रमों में शामिल हो रहा है, जिसके पास कोई संवैधानिक पद नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल मंत्री का पुत्र होने के आधार पर किसी व्यक्ति को सरकारी बैठकों में शामिल होने और अधिकारियों पर प्रभाव डालने का अधिकार नहीं मिल जाता।
शैलेंद्र ने सवाल उठाया कि जब प्रदेश सरकार पंचायतों में निर्वाचित प्रतिनिधियों के स्थान पर उनके परिजनों के हस्तक्षेप को समाप्त करने की बात करती है, तो सरकारी बैठकों में मंत्री के पुत्र के कथित हस्तक्षेप पर चुप्पी क्यों साधी जा रही है। उन्होंने इसे संविधान की भावना के विपरीत बताया और कहा कि सरकारी बैठकों में भाग लेने की व्यवस्था और अधिकार स्पष्ट होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कुछ दिन पहले प्रशासन से मुलाकात कर इस मामले में अपनी आपत्ति दर्ज करवाई थी और ऐसी कार्यप्रणाली पर रोक लगाने की मांग की थी। शैलेंद्र ने कहा कि यदि भविष्य में संबंधित व्यक्ति किसी सरकारी कार्यक्रम या बैठक में दिखाई देता है तो भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल के बाहर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सोलन में सरकारी व्यवस्था निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और संवैधानिक नियमों के अनुरूप ही संचालित होनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में शैलेंद्र ने कहा कि भाजपा सोलन को राजनीतिक प्रभाव और परिवारवाद की राजनीति का केंद्र नहीं बनने देगी। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। BITE – शैलेंद्र अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *