सोलन: नीट पेपर लीक पर भाजपा को घेरा, कांग्रेस 12 से 15 सीटें जीतेगी: विधायक सुरेश कुमार

सोलन नगर निगम चुनावों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भोरंज से कांग्रेस विधायक एवं सोलन नगर निगम वार्ड नंबर 3 के प्रभारी सुरेश कुमार ने भाजपा पर भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप लगाए हैं।
सोलन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विधायक सुरेश कुमार ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में हुई इस बड़ी परीक्षा धांधली ने भाजपा की कार्यप्रणाली और भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से देशभर के करीब 22 लाख छात्रों और युवाओं के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है।
सुरेश कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश का युवा रोजगार और शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहा है तथा भाजपा को इसका जवाब देना होगा।
नगर निगम चुनावों का जिक्र करते हुए कांग्रेस विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में उतरी है, जबकि भाजपा दागदार चेहरों के साथ जनता के बीच जा रही है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर महिलाओं के प्रति अभद्र टिप्पणियां करने का आरोप भी लगाया और कहा कि जनता इन मुद्दों को गंभीरता से देख रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सोलन शहर के विकास के स्पष्ट रोडमैप के साथ चुनाव लड़ रही है और पार्टी को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। विधायक ने दावा किया कि कांग्रेस सोलन नगर निगम चुनावों में 12 से 15 सीटों पर जीत दर्ज कर भारी बढ़त हासिल करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *