सोलन : हिमाचल उत्सव में कलाकारों और उभरती प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

सोलन में आयोजित गैर-सरकारी मेले ‘हिमाचल उत्सव’ को लेकर कलाकारों, बच्चों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्सव के दौरान संगीत, नृत्य और वादन के क्षेत्र में नई और उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है। विभिन्न स्थानों पर आयोजित ऑडिशन में स्कूली बच्चों से लेकर अनुभवी कलाकार भी हिस्सा ले रहे हैं।
प्रथम हिमाचल आइडल एवं बहु-पुरस्कार विजेता सोनू भारद्वाज ने हिमाचल उत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह ऐसा मंच है, जहां संगीत और नृत्य सीखने वाले बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाओं को मंच नहीं मिल पाता, ऐसे में यह आयोजन उनके लिए महत्वपूर्ण है।
स्मॉल वंडर डे केयर सेंटर की शिक्षिका ज्योति शर्मा ने बताया कि पैरागॉन में आयोजित ऑडिशन में उनके सेंटर के दो ग्रुपों ने हिस्सा लिया। बच्चों ने रेट्रो डांस और पापा सॉन्ग्स पर प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने बताया कि उत्सव में गायन और नृत्य की प्रतियोगिताएं उत्साह के साथ चल रही हैं।
सिरमौर की पछाद तहसील से संबंध रखने वाले गायक लायक राम चौहान ने बताया कि वह करीब 40 वर्षों से हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में एकल गायन प्रस्तुतियां दे रहे हैं। पिछले तीन-चार वर्षों से वह लगातार हिमाचल उत्सव में भी प्रस्तुति दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्सव में स्थानीय स्कूली बच्चे भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
आई एम डांस स्टूडियो के संजू राजपूत ने बताया कि उनकी डांस क्लास पिछले 10 वर्षों से सक्रिय है। सोलन में एक सप्ताह तक चलने वाला यह मंच बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दे रहा है।
वहीं, 47 वर्षीय बांसुरी वादक गौरव कुमार ने बताया कि वह दो वर्षों से बांसुरी का नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हिमाचल उत्सव के मंच पर उन्होंने पहली बार सार्वजनिक प्रस्तुति दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *