सोलन : 23 सितंबर को सोलन में मनाया जाएगा 11वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस, लगेगा आयुष मेला

11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में 23 सितंबर को रिब्बन स्थित जिला आयुर्वेदिक अस्पताल में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला आयुष अधिकारी डॉ. निशा वर्मा पंवार ने बताया कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘आयुर्वेद फॉर हेल्दी एजिंग’ रखी गई है। इसके तहत आयुर्वेद आधारित जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत 21 सितंबर से विभिन्न गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इनमें स्कूली बच्चों, पंचकर्म तकनीशियन कोर्स के विद्यार्थियों और योग के छात्रों के लिए क्विज, पोस्टर मेकिंग, वाद-विवाद और डेक्लेमेशन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। 22 सितंबर को समाजसेवी उर्मिल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
23 सितंबर को जिला आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में आयुष मेला सह चिकित्सा शिविर आयोजित होगा। मेले में प्रकृति परीक्षण, आहार-विहार और औषधीय पौधों की प्रदर्शनी के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे। लोगों को वात, पित्त और कफ के आधार पर शरीर की प्रकृति की जानकारी दी जाएगी। आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सकों द्वारा निशुल्क परामर्श, बीएमडी टेस्ट और प्रयोगशाला जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की जाएंगी।
आयुष मेले का उद्घाटन 23 सितंबर को आयुर्वेद विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. तेजस्वी करेंगे। शाम को उपायुक्त सोलन मनमोहन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।
डॉ. निशा वर्मा ने लोगों से आयुष मेले में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच, प्रकृति परीक्षण और आयुर्वेद संबंधी जानकारी का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *