पंजाबी महासभा सोलन की ओर से वीरवार को थोडो ग्राउंड में भव्य साईं बाबा भजन संध्या ‘रहमते साईं’ का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक कार्यक्रम शाम छह बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
भजन संध्या में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रसिद्ध गायक साईं बाबा के भजनों की प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में दिल्ली के प्रसिद्ध गायक पुनीत खुराना और सिरमौर के गायक विशाल ठाकुर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। भजनों के माध्यम से साईं बाबा की महिमा का गुणगान किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी पहुंचेंगे।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विशेष रूप से बिलासपुरी धाम की व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम के साथ श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोग प्रसाद ग्रहण कर सकें।
पंजाबी महासभा सोलन के अध्यक्ष जतिन साहनी ने शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से भजन संध्या में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ‘रहमते साईं’ कार्यक्रम के माध्यम से श्रद्धालुओं को साईं बाबा की भक्ति और भजनों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने लोगों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर भजन संध्या का आनंद लेने और बिलासपुरी धाम के प्रसाद को ग्रहण करने का आग्रह किया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। पंजाबी महासभा की ओर से शहरवासियों से इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग से भजन संध्या सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
सोलन : थोडो ग्राउंड में वीरवार को सजेगी भव्य साईं बाबा भजन संध्या ‘रहमते साईं’