सोलन : फोरलेन से हटाए गए 20 लावारिस पशु, पशु तस्करी रोकने में जनता से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन के निर्देश पर पशुपालन विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने फोरलेन पर घूम रहे लावारिस पशुओं को हटाने के लिए संयुक्त अभियान चलाया। डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन विभाग डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि अभियान के दौरान फोरलेन पर चिह्नित 25 से 30 लावारिस पशुओं में से 15 से 20 मादा पशुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर गौशालाओं में पहुंचाया गया है।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य फोरलेन पर होने वाले सड़क हादसों को रोकना और पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। शेष पशुओं को भी जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। डॉ. लांबा ने बताया कि हांडागुंडी मार्ग फिलहाल अवरुद्ध होने के कारण बैलों को वहां नहीं भेजा जा सका है। जैसे ही मार्ग बहाल होगा, उन्हें निर्धारित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. लांबा ने कहा कि जिले में लावारिस पशुओं की समस्या के साथ-साथ अवैध पशु तस्करी भी चिंता का विषय है। विशेष रूप से बद्दी, बरोटीवाला और परवाणू क्षेत्रों से हरियाणा और कालका की ओर रात के समय पशु तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है।
उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं पशु तस्करी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों की चेक पोस्टों पर भी निगरानी बढ़ाई जा रही है, ताकि अवैध पशु परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *